अनूपपुर हादसे पर CM मोहन यादव ने जताया दुख, पीड़ित परिवारों को मुआवजे का ऐलान

भोपाल। मध्यप्रदेश के अनूपपुर में हुए दर्दनाक हादसे पर मुख्यमंत्री मोहन यादव ने गहरा दुख जताते हुए पीड़ित परिवारों के लिए आर्थिक सहायता की घोषणा की है, इस हादसे में इमारत गिरने से तीन लोगों की मौत हो गई थी और कई लोग घायल हुए थे, जिसके बाद सरकार ने तत्काल राहत देने का फैसला लिया।

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि मृतकों के परिजनों को मुख्यमंत्री स्वेच्छा अनुदान और संबल योजना के तहत चार-चार लाख रुपये दिए जाएंगे, साथ ही रेड क्रॉस से एक-एक लाख रुपये की अतिरिक्त सहायता भी प्रदान की जाएगी, वहीं घायलों को मुख्यमंत्री स्वेच्छा अनुदान से दो-दो लाख रुपये और रेड क्रॉस से पचास-पचास हजार रुपये की मदद दी जाएगी, सरकार हर मुश्किल घड़ी में प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है।

बताया जा रहा है कि अनूपपुर के कोतमा बस स्टैंड के पास स्थित अग्रवाल लॉज की तीन मंजिला इमारत अचानक भरभराकर गिर गई थी, हादसे के वक्त वहां होटल का संचालन हो रहा था और पास में निर्माण कार्य भी चल रहा था, जिसे इस दुर्घटना की एक बड़ी वजह माना जा रहा है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, रेस्क्यू टीम, नगर पालिका और एसईसीएल की टीम मौके पर पहुंची और मलबे में दबे लोगों को निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया, फिलहाल प्रशासन ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *