महाकाल की गेर में शामिल हुए CM मोहन यादव, जमकर उड़ाया रंग-गुलाल, शस्त्र संचालन के साथ दिखा अनोखा अंदाज

उज्जैन/भोपाल। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 8 मार्च को उज्जैन में आयोजित महाकाल की परंपरागत गेर में शामिल हुए और रंग पंचमी का उत्सव पूरे उत्साह के साथ मनाया। इस दौरान उन्होंने गेर की ध्वजा का पूजन किया और अखाड़ों के पारंपरिक शस्त्रों की भी विधि-विधान से पूजा की। खास बात यह रही कि मुख्यमंत्री ने खुद शस्त्र संचालन का प्रदर्शन भी किया, जिसका अनोखा अंदाज लोगों को देखने को मिला।

रंग पंचमी के इस भव्य आयोजन में मुख्यमंत्री जनता के बीच पहुंचे और जमकर रंग-गुलाल उड़ाया। लोगों ने भी उन्हें रंगों से सराबोर कर दिया और पूरे माहौल में उत्साह और उल्लास देखने को मिला। इस खुशी और उमंग से भरे पल की कई तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं, जिनमें मुख्यमंत्री का अलग ही अंदाज नजर आ रहा है।

इस मौके पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदेशवासियों को रंग पंचमी की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि रंगों का यह पावन पर्व सभी के जीवन में उत्साह, उमंग और खुशियां लेकर आए। उन्होंने सोशल मीडिया पर भी एक संदेश साझा करते हुए लिखा कि रंग पंचमी के इस पावन अवसर पर श्री महाकालेश्वर मंदिर से निकलने वाली परंपरागत गेर में ध्वजा और अखाड़ों के शस्त्रों का विधि-विधान से पूजन किया गया और बाबा महाकाल के दर्शन कर प्रदेश की सुख-समृद्धि और कल्याण की कामना की।

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि प्रदेश की संस्कृति और परंपराएं हमारी पहचान हैं और इन्हें आगे बढ़ाना बेहद जरूरी है। पद संभालने के बाद से ही उन्होंने कई पारंपरिक त्यौहारों को राज्य उत्सव का दर्जा दिया है। उनका मानना है कि त्यौहार लोगों के बीच की दूरियों को कम करते हैं और समाज में प्रेम, भाईचारे और समरसता का संदेश देते हैं।

बताया जा रहा है कि इससे पहले 5 मार्च को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भोपाल स्थित सीएम हाउस में भी होली का भव्य उत्सव मनाया था। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में आम लोग और संत शामिल हुए थे। कार्यक्रम में फाग गीतों और पारंपरिक भजनों की प्रस्तुति हुई थी और सीएम हाउस को ब्रज की थीम पर सजाया गया था, जहां बरसाने की होली जैसा माहौल देखने को मिला था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *