वाटर सप्लाई पर सीएम मोहन यादव सख्त, पूरे प्रदेश में जांच के आदेश, लापरवाही पर होगी कड़ी कार्रवाई

भोपाल। इंदौर में दूषित पानी पीने से मौतों का आंकड़ा लगातार बढ़ता जा रहा है और सैकड़ों लोग अब भी अस्पतालों में जिंदगी और मौत की जंग लड़ रहे हैं, इसी बीच पूरे मध्य प्रदेश में जल आपूर्ति व्यवस्था को लेकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सख्त हो गए हैं और उन्होंने सभी नगरीय निकायों में पानी की गुणवत्ता की जांच के निर्देश दिए हैं।

मुख्यमंत्री ने साफ कहा है कि जल प्रदाय के तहत पानी के शुद्धिकरण की नियमित जांच हर हाल में की जाए और किसी भी स्तर पर लापरवाही सामने आने पर जिम्मेदार अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई होगी, साथ ही अफसरों को हर महीने पानी के सैंपल की रिपोर्ट अनिवार्य रूप से स्थानीय निकाय को भेजनी होगी।

सीएम डॉ. मोहन यादव ने नगरीय प्रशासन विभाग को ऑनलाइन मॉनिटरिंग सिस्टम तैयार करने के भी निर्देश दिए हैं, ताकि प्रदेशभर में पानी की गुणवत्ता पर लगातार नजर रखी जा सके और भविष्य में किसी भी तरह की चूक को रोका जा सके।

इंदौर में दूषित पानी से मौतों को लेकर आंकड़ों में बड़ा अंतर सामने आ रहा है, जहां स्थानीय स्तर पर अब तक 14 लोगों की मौत की बात कही जा रही है, वहीं सरकारी रिकॉर्ड में फिलहाल सिर्फ 4 मौतों की पुष्टि हुई है, इस पर कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा है कि बाकी मामलों की जानकारी जुटाई जा रही है।

इस बीच दूषित पानी की जांच रिपोर्ट में हैजा फैलाने वाला घातक जीवाणु मिलने की पुष्टि हुई है, मरीजों की कल्चर रिपोर्ट में हैजे की आशंका जताई जा रही है और अस्पतालों में भर्ती मरीजों को हैजा के इलाज में दी जाने वाली डॉक्सीसाइक्लिन दवा दी जा रही है, जिससे हालात की गंभीरता और बढ़ गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *