रंगपंचमी पर महाकाल की शरण में CM मोहन यादव, दंडवत होकर किए बाबा महाकाल के दर्शन, महाकाल की गेर के ध्वज का किया पूजन

उज्जैन। रंगपंचमी के पावन अवसर पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव उज्जैन स्थित श्री महाकालेश्वर मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने बाबा महाकाल के दर्शन कर उनका आशीर्वाद लिया। मंदिर के गर्भगृह में पहुंचकर मुख्यमंत्री ने विधि-विधान से जलाभिषेक और दुग्धाभिषेक किया तथा दंडवत होकर भगवान महाकालेश्वर को प्रणाम किया। इस दौरान उन्होंने प्रदेश की सुख-समृद्धि और जनता के कल्याण की कामना भी की।

दरअसल मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 8 मार्च से उज्जैन प्रवास पर हैं। शनिवार शाम को वे उज्जैन पहुंचे थे और शहर में आयोजित कई कार्यक्रमों में शामिल हुए। रविवार सुबह वे श्री महाकालेश्वर मंदिर पहुंचे, जहां पुजारी और पुरोहितों के आचार्यत्व में उन्होंने पूरे विधि-विधान के साथ बाबा महाकाल की पूजा-अर्चना की।

मंदिर में दर्शन और पूजन के बाद मुख्यमंत्री ने रंगपंचमी के अवसर पर परंपरागत रूप से निकलने वाली महाकाल की गेर से जुड़े श्री वीरभद्र ध्वज चल समारोह के ध्वज का पूजन भी किया। इसके बाद उन्होंने शस्त्र पूजन किया और पारंपरिक शस्त्र संचालन और प्रदर्शन भी किया।

रंगपंचमी के दिन उज्जैन में निकलने वाली महाकाल की गेर और श्री वीरभद्र ध्वज चल समारोह का विशेष महत्व माना जाता है। इस भव्य आयोजन में बैंड-बाजों की धुन, हाथी-घोड़े, रथ और रंग-बिरंगी रोशनी से सजी धार्मिक झांकियां शहर की सड़कों पर निकलती हैं, जिसे देखने के लिए हजारों श्रद्धालु और पर्यटक उमड़ पड़ते हैं। इस परंपरा के साथ उज्जैन में रंगपंचमी का उत्सव बेहद हर्षोल्लास और आस्था के माहौल में मनाया जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *