भोपाल। मध्य प्रदेश के उज्जैन में सड़क चौड़ीकरण को लेकर उठे विवाद के बीच बीजेपी विधायक अनिल जैन को मुख्यमंत्री की कड़ी नाराजगी का सामना करना पड़ा। उज्जैन उत्तर विधानसभा से विधायक अनिल जैन ने पहले सड़क चौड़ीकरण के विरोध में जनता का समर्थन करते हुए आंदोलन की चेतावनी दी थी, जिसके बाद मामला प्रदेश नेतृत्व तक पहुंच गया।
बताया जा रहा है कि सड़क चौड़ीकरण के मुद्दे पर विधायक द्वारा दिए गए बयान और आंदोलन की चेतावनी की जानकारी मुख्यमंत्री और पार्टी संगठन के वरिष्ठ नेताओं के संज्ञान में आई। इसके बाद मामले को गंभीरता से लेते हुए विधायक अनिल जैन को मुख्यमंत्री निवास पर तलब किया गया।
सीएम हाउस में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और प्रदेश प्रभारी की मौजूदगी में विधायक अनिल जैन को कड़ी फटकार लगाई गई। पार्टी नेतृत्व ने स्पष्ट किया कि इस तरह के मुद्दों पर सार्वजनिक रूप से आंदोलन की चेतावनी देना उचित नहीं है।
फटकार के बाद विधायक अनिल जैन ने अपना रुख बदलते हुए सड़क चौड़ीकरण के खिलाफ प्रस्तावित आंदोलन को स्थगित कर दिया है। अब उन्होंने साफ कर दिया है कि वह इस मुद्दे पर विरोध या आंदोलन नहीं करेंगे।

