दिल्ली पहुंचे CM योगी आदित्यनाथ, पीएम मोदी से मुलाकात के बाद मंत्रिमंडल विस्तार की अटकलें तेज

लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजनीति में एक बार फिर हलचल तेज हो गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को दिल्ली पहुंचे, और उनके इस दौरे ने सियासी गलियारों में चर्चाओं को हवा दे दी है। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में योगी मंत्रिमंडल का विस्तार हो सकता है और यूपी बीजेपी संगठन में भी बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं। कयास लगाए जा रहे हैं कि कैबिनेट से कुछ मंत्रियों की छुट्टी हो सकती है, जबकि पूर्व प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी की योगी कैबिनेट में वापसी की संभावनाएं भी जताई जा रही हैं।

दिल्ली दौरे के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। इस मुलाकात में आगामी राजनीतिक रणनीति, प्रमुख विकास योजनाओं और केंद्र व राज्य सरकार के बीच बेहतर समन्वय जैसे अहम मुद्दों पर चर्चा हुई। पीएम मोदी से मिलने के बाद सीएम योगी बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नवीन से भी मुलाकात करने वाले हैं।

प्रधानमंत्री से मुलाकात के बाद सीएम योगी ने अपने एक्स हैंडल पर लिखा कि नई दिल्ली में आदरणीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से शिष्टाचार भेंट कर उनका मार्गदर्शन प्राप्त किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का पाथेय नए उत्तर प्रदेश की विकास यात्रा को और अधिक गति देने के लिए हमेशा नई ऊर्जा देता है और समय देने के लिए उन्होंने प्रधानमंत्री का आभार जताया।

इधर मुख्यमंत्री योगी के साथ-साथ डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक भी दिल्ली दौरे पर हैं। इस दौरान ब्रजेश पाठक ने बीजेपी के कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नवीन से मुलाकात की। इसके बाद वह पूर्व केंद्रीय मंत्री मुरली मनोहर जोशी के जन्मदिन के अवसर पर उनके आवास पहुंचे, जहां उन्होंने उन्हें शुभकामनाएं दीं। इन तमाम मुलाकातों के बाद यूपी की राजनीति में बदलाव और मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर चर्चाएं और तेज हो गई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *