जेवर एयरपोर्ट उद्घाटन में CM योगी का बड़ा बयान, बोले- देश में पेट्रोलियम की कमी नहीं, एक्साइज ड्यूटी घटाना ऐतिहासिक फैसला

नोएडा। योगी आदित्यनाथ ने नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के उद्घाटन समारोह में बड़ा बयान देते हुए कहा कि दुनिया भर में जहां अव्यवस्था और ईंधन की कीमतें आसमान छू रही हैं, वहीं भारत में हालात नियंत्रण में हैं और देश में पेट्रोलियम उत्पादों की कोई कमी नहीं है, उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में लिए गए फैसलों से जनता को राहत मिली है और एक्साइज ड्यूटी घटाने का निर्णय ऐतिहासिक साबित हुआ है

अपने संबोधन में सीएम योगी ने कहा कि यह अवसर प्रधानमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करने का भी है, उन्होंने बताया कि पेट्रोल और डीजल पर एक्साइज ड्यूटी में बड़ी कटौती कर आम जनता को राहत देने का काम किया गया है, साथ ही उन्होंने कहा कि पिछले 11-12 वर्षों में नए भारत के निर्माण की जो कार्ययोजना बनी है, उसने हर क्षेत्र में विकास को नई दिशा दी है

सीएम योगी ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस और सपा की सरकारों के समय उत्तर प्रदेश ने लंबे समय तक पिछड़ापन और समस्याएं झेली हैं, लेकिन अब वही राज्य डबल इंजन सरकार के चलते तेजी से विकास की राह पर आगे बढ़ रहा है, उन्होंने कहा कि मजबूत संकल्प के साथ कोई भी लक्ष्य दूर नहीं होता

उन्होंने जेवर एयरपोर्ट को उत्तर प्रदेश के विकास का रनवे बताते हुए कहा कि यह परियोजना युवाओं के सपनों को उड़ान देगी और नए अवसर पैदा करेगी, साथ ही उन्होंने इस परियोजना के लिए जमीन देने वाले किसानों का आभार जताया और प्रदेश की जनता की ओर से प्रधानमंत्री का स्वागत और अभिनंदन किया

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *