गोरखपुर. उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में आयोजित ब्रह्मलीन परम पूज्य महंत अवेद्यनाथ जी महाराज सप्तम अखिल भारतीय प्राइजमनी पुरुष कबड्डी प्रतियोगिता-2025 के पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाते हुए बड़ा बयान दिया। मंच से CM योगी ने विजेता, उपविजेता और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले सभी खिलाड़ियों को सम्मानित किया और कहा कि अब तक 500 से अधिक खिलाड़ियों को उत्तर प्रदेश सरकार विशेष रूप से पुलिस विभाग में सरकारी पदों पर सफलतापूर्वक समायोजित कर चुकी है।
उन्होंने युवाओं को संबोधित करते हुए साफ कहा कि खेल और खिलाड़ियों को प्रोत्साहन देना उनकी सरकार की शीर्ष प्राथमिकताओं में शामिल है। CM योगी ने कहा—“हर युवा को किसी न किसी खेल से जरूर जुड़ना चाहिए, क्योंकि खेलोगे तो खिलोगे… अपने लिए भी, समाज के लिए भी और देश के लिए भी।”
कबड्डी को योगी ने सिर्फ एक खेल नहीं, बल्कि नई ऊर्जा का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि कबड्डी में हर रेड, हर टैकल और हर बोनस पॉइंट नई पीढ़ी के जोश, समर्पण और ‘नए भारत’ की ताकत को दर्शाता है। उन्होंने यह भी कहा कि पिछले 11 वर्षों में भारत ने खेलों की दुनिया में जिस तरह बदलाव देखा है, वह प्रधानमंत्री मोदी की प्रेरणा और खेल संस्कृति को बढ़ावा देने की नीतियों का परिणाम है।

