राष्ट्रपिता की पुण्यतिथि पर सीएम योगी ने बापू को किया नमन, आमजन से आदर्श अपनाने का किया आह्वान

लखनऊ. राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि के अवसर पर शुक्रवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ के जीपीओ पार्क में स्थापित गांधी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। श्रद्धा और सम्मान के वातावरण में मुख्यमंत्री ने माल्यार्पण कर बापू को नमन किया और कुछ क्षण मौन रखकर राष्ट्रपिता का स्मरण किया।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस अवसर पर आमजन से महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा और मानवता के आदर्शों को अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने अपने एक्स हैंडल पर भी श्रद्धांजलि संदेश साझा करते हुए लिखा कि बापू का सत्यनिष्ठ आचरण, अहिंसा की अडिग साधना और मानवता के प्रति करुणा संपूर्ण विश्व को सदैव मार्गदर्शन देती रहेगी।

श्रद्धांजलि समारोह के दौरान स्कूली बच्चों ने महात्मा गांधी के प्रिय भजनों की प्रस्तुति दी। ‘रघुपति राघव राजाराम’ सहित अन्य भजनों की मधुर धुनों से जीपीओ पार्क गूंज उठा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लगभग पंद्रह मिनट तक एकाग्रता के साथ भजनों को सुना, बच्चों की प्रस्तुति की सराहना की और गांधी प्रतिमा के समक्ष उनके साथ फोटो भी खिंचवाया।

इस कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, महापौर सुषमा खर्कवाल, विधायक नीरज बोरा और जय देवी, विधान परिषद सदस्य महेंद्र सिंह, मुकेश शर्मा, रामचंद्र प्रधान, भाजपा महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी सहित कई जनप्रतिनिधि और पदाधिकारी मौजूद रहे। सभी ने राष्ट्रपिता के चित्र और प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धा सुमन अर्पित किए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *