उत्तर प्रदेश दिवस की तैयारियों पर सीएम योगी की सख्त समीक्षा, बोले—प्रदेश की आत्मा को दिखाने वाला जनोत्सव बने आयोजन

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार सुबह 24 से 26 जनवरी तक आयोजित होने वाले उत्तर प्रदेश दिवस की तैयारियों को लेकर उच्चस्तरीय बैठक की और अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि यह आयोजन केवल औपचारिकता न बने, बल्कि उत्तर प्रदेश की पहचान, उपलब्धियों और भविष्य की संभावनाओं को जनभागीदारी के साथ प्रस्तुत करने वाला भव्य जनोत्सव हो।

सीएम योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश दिवस को हर स्तर पर प्रदेश की आत्मा को प्रतिबिंबित करने वाले उत्सव के रूप में आयोजित किया जाए, ताकि आमजन इसमें खुद को जुड़ा हुआ महसूस करे। उन्होंने बताया कि इस वर्ष उत्तर प्रदेश दिवस के मुख्य अतिथि के रूप में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह की गरिमामयी उपस्थिति आयोजन को राष्ट्रीय पहचान दिलाएगी।

मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि मुख्य समारोह राजधानी लखनऊ स्थित राष्ट्र प्रेरणा स्थल पर आयोजित होगा, जिसका सीधा प्रसारण प्रदेश के सभी जनपदों में किया जाएगा, ताकि एक साथ पूरे उत्तर प्रदेश में उत्सव का माहौल बने। 24 जनवरी को होने वाले मुख्य कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले सभी जनपदों के गणमान्य नागरिकों को आमंत्रित कर प्रदेश की सामूहिक उपलब्धियों का सम्मान किया जाएगा।

इस दौरान ‘विकसित भारत–विकसित उत्तर प्रदेश’ की थीम पर आधारित विशेष प्रदर्शनी और शिल्प मेला लगाया जाएगा, वहीं ‘एक जनपद–एक व्यंजन’ कार्यक्रम उत्तर प्रदेश की विविधता और स्वाद को दर्शाने का प्रमुख आकर्षण होगा।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि संस्कृति उत्सव 2025–26 के अंतर्गत प्रस्तावित सांस्कृतिक कार्यक्रमों को उत्तर प्रदेश दिवस से प्रभावी ढंग से जोड़ा जाए। ‘हमारी संस्कृति–हमारी पहचान’ की भावना के अनुरूप लोक, शास्त्रीय और समकालीन कला रूपों को मंच दिया जाए और कलाकारों व आगंतुकों के लिए सभी आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं।

सीएम योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश दिवस 2026 ऐसा आयोजन बने, जो प्रदेश की संस्कृति, शिल्प, स्वाद और विकास की सोच को एक साथ प्रस्तुत करे और हर आगंतुक के मन में गर्व, प्रेरणा और यादगार अनुभव छोड़ जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *