लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अम्बेडकरनगर में हुए दर्दनाक सड़क हादसे का संज्ञान लेते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है और अधिकारियों को मौके पर राहत व बचाव कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं, साथ ही घायलों के समुचित और बेहतर इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा है। इस हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनका अस्पताल में उपचार जारी है।
यह हादसा अम्बेडकरनगर जिले के आहिरौली थाना क्षेत्र में देर रात हुआ, जहां तेज रफ्तार डीसीएम और गन्ना लदी ट्रॉली के बीच जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भयावह थी कि डीसीएम में सवार तीन लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि पांच अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान सतीश उम्र 40 वर्ष, विशम्भर उम्र 42 वर्ष, महावीर उम्र 46 वर्ष, राजेश उम्र 38 वर्ष और छोटेलाल उम्र 47 वर्ष के रूप में हुई है। बताया गया कि ये सभी लोग श्रवण क्षेत्र में दर्शन के लिए गए थे और वहां से लौटते समय यह दर्दनाक हादसा हो गया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

