जन औषधि दिवस पर सीएम योगी का संदेश, बोले—PM मोदी के प्रयासों से आमजन को सस्ती जेनरिक दवाएं मिल रही हैं

लखनऊ। जन औषधि दिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि स्वस्थ और सशक्त भारत की नींव रखने में ‘प्रधानमंत्री भारतीय जन औषधि परियोजना’ महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है और आज यह योजना गरीबों के लिए संकट के समय सच्ची साथी बनकर सामने आई है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि उनके दूरदर्शी नेतृत्व का ही परिणाम है कि आज देशभर में प्रधानमंत्री भारतीय जन औषधि केंद्रों के माध्यम से आम लोगों को सस्ती दरों पर गुणवत्तापूर्ण जेनरिक दवाएं आसानी से उपलब्ध हो रही हैं।

सीएम योगी ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर भी प्रदेशवासियों को जन औषधि दिवस की हार्दिक बधाई दी। उन्होंने लिखा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में शुरू की गई यह योजना आज लाखों जरूरतमंद लोगों के लिए राहत का बड़ा जरिया बन गई है।

उन्होंने आगे कहा कि ‘प्रधानमंत्री भारतीय जन औषधि परियोजना’ का उद्देश्य देश के हर नागरिक तक किफायती और गुणवत्तापूर्ण दवाएं पहुंचाना है, ताकि गरीब और जरूरतमंद लोगों को इलाज के लिए महंगी दवाओं पर निर्भर न रहना पड़े। मुख्यमंत्री ने इस महत्वपूर्ण और युगांतरकारी पहल के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार भी व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *