भोपाल। महाराष्ट्र के डिप्टी मुख्यमंत्री अजीत पवार के विमान हादसे में निधन की खबर के बाद देशभर में शोक की लहर है। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव, केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान और कांग्रेस नेता कमलनाथ सहित कई नेताओं ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके योगदान को याद किया है।
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने अपने शोक संदेश में कहा कि महाराष्ट्र के माननीय उप मुख्यमंत्री अजीत पवार गरीबों, वंचितों और पिछड़ों की सेवा में सदैव समर्पित रहे। महाराष्ट्र के विकास में उनका अमूल्य योगदान रहा और वे एक जमीन से जुड़े नेता थे। उनके असामयिक निधन पर मुख्यमंत्री ने श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए बाबा महाकाल से दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान और शोकाकुल परिवार को संबल देने की प्रार्थना की।
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अजीत पवार के निधन को व्यक्तिगत क्षति बताते हुए कहा कि यह समाचार सुनकर वे स्तब्ध हैं। उन्होंने अजीत पवार को अपना गहरा मित्र और आत्मीय साथी बताया और कहा कि एक जननेता, कुशल प्रशासक और दूरदर्शी व्यक्तित्व के रूप में उनका योगदान हमेशा याद किया जाएगा। शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि उनके जाने से महाराष्ट्र की राजनीति में जो शून्य पैदा हुआ है, वह अपूरणीय है और अजीत दादा हमेशा स्मृतियों में जीवित रहेंगे।
कांग्रेस नेता कमलनाथ ने भी अजीत पवार के निधन पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने कहा कि बारामती में हुए विमान हादसे में अजीत पवार के निधन से भारत की राजनीति को अपूरणीय क्षति हुई है। कमलनाथ ने कहा कि अजीत पवार ने अपना पूरा जीवन महाराष्ट्र के लोगों की सेवा के लिए समर्पित किया और ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति तथा परिवार को यह दुख सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की।

