कलह बना काल, पत्नी की आत्महत्या के 24 घंटे बाद पति ने भी लगा ली फांसी

झांसी. उत्तर प्रदेश के रक्सा क्षेत्र के पुनावली कला गांव से एक बेहद दर्दनाक मामला सामने आया है, जहां घरेलू विवाद ने दो जिंदगियां निगल लीं। पहले पत्नी ने फांसी लगाकर अपनी जान दे दी और ठीक 24 घंटे बाद पति ने भी उसी राह पर चलते हुए आत्महत्या कर ली। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।

जानकारी के मुताबिक मनोज अहिरवार नाम का युवक शराब के नशे में घर पहुंचा था, जहां उसकी पत्नी वंदना से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने के बाद मनोज घर से बाहर चला गया। कुछ देर बाद जब वह वापस लौटा तो उसने पत्नी को फंदे से लटका हुआ पाया। यह दृश्य देखकर वह बदहवास हो गया, फूट-फूटकर रोने लगा और खुद भी जान देने की बात कहने लगा।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। लेकिन इसके बाद मनोज घर नहीं लौटा। परिजनों ने उसकी काफी तलाश की, मगर उसका कोई पता नहीं चला। अगली सुबह गांव के बाहर एक पेड़ से उसका शव फंदे पर लटका मिला।

दोनों की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। एक ही घर से 24 घंटे के भीतर उठी दो अर्थियों ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और इस दर्दनाक घटना के पीछे की परिस्थितियों को समझने की कोशिश कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *