कांग्रेस ने लगाया सत्ता प्रेम का आरोप, कहा बिहार नहीं बल्कि कुर्सी की चिंता, सत्ता के दबाव में लाचार हुए नीतीश कुमार, सचिन पायलट ने उठाए सवाल

पटना। बिहार विधानसभा चुनाव जैसे-जैसे नज़दीक आ रहे हैं, वैसे-वैसे सियासत का तापमान भी बढ़ता जा रहा है। इसी बीच कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव और पूर्व केंद्रीय मंत्री सचिन पायलट ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर बड़ा हमला बोला है। पायलट ने कहा कि नीतीश कुमार अब बिहार के नहीं, बल्कि अपनी कुर्सी के मुख्यमंत्री बन चुके हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि नीतीश सत्ता के दबाव और दिल्ली के प्रभाव में आकर बिहार के हितों को भुला बैठे हैं।

सचिन पायलट ने कहा कि नीतीश कुमार कभी अपने सिद्धांतों के लिए जाने जाते थे, लेकिन अब सत्ता के मोह ने उन्हें लाचार बना दिया है। मुख्यमंत्री का काम सिर्फ पद पर बने रहना नहीं, बल्कि जनता के लिए खड़ा होना है। उन्होंने याद दिलाया कि एक वक्त था जब नीतीश कुमार प्रधानमंत्री के कहने पर बिहार के लोगों के नाखून तक दिल्ली भेज देते थे। लेकिन आज वही मुख्यमंत्री सत्ता की कुर्सी बचाने के लिए जनता की आवाज़ तक नहीं सुन रहे।

पायलट ने कहा कि बिहार का विधानसभा चुनाव सिर्फ राज्य की राजनीति का नहीं, बल्कि पूरे देश की सियासत का आइना है। उन्होंने बताया कि राहुल गांधी पहले ही बिहार में यात्रा निकालकर मतदाताओं को जागरूक कर चुके हैं और चुनाव आयोग को साफ संदेश दे चुके हैं कि किसी भी तरह की धांधली बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पायलट ने कहा कि इस बार जनता पारदर्शी और निष्पक्ष शासन चाहती है, कोई समझौता नहीं।

कांग्रेस नेता ने कहा कि बिहार के लोग अब बदलाव चाहते हैं — सिर्फ सत्ता परिवर्तन नहीं, बल्कि पूरे सिस्टम में सुधार की जरूरत है। उन्होंने विश्वास जताया कि महागठबंधन इस चुनाव में प्रचंड बहुमत से सरकार बनाएगा और जनता से किए हर वादे को पूरा करेगा। युवाओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि हमारी राजनीति में नौजवान सिर्फ वोट बैंक नहीं, बल्कि बदलाव की रीढ़ हैं। आने वाली सरकार युवाओं के रोजगार, अवसर और भविष्य पर पूरी ताकत से काम करेगी।

सचिन पायलट ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पटना रोड शो पर तंज कसते हुए कहा कि जिस सड़क पर आज प्रधानमंत्री फूलों से सजी गाड़ी में रोड शो कर रहे हैं, उसी सड़क पर कभी बेरोज़गार युवाओं ने नौकरी और न्याय की मांग में लाठियां खाई थीं। उन्होंने कहा कि भाजपा सत्ता पाने के लिए गठबंधन करती है, लेकिन जनता हमेशा सच्चाई के साथ खड़ी होती है।

पायलट ने विश्वास जताया कि 14 नवंबर को महागठबंधन की सरकार बनेगी और बिहार में बदलाव की गूंज पूरे देश में सुनाई देगी। उन्होंने कहा कि सत्ता किसी व्यक्ति की निजी संपत्ति नहीं होती, यह जनता की जिम्मेदारी और सेवा का माध्यम है। जब बिहार बदलेगा, तब उसका असर पूरे भारत पर पड़ेगा। उन्होंने कहा — “अब वक्त आ गया है कि बिहार में कुर्सी नहीं, जनता की बात चलेगी। यह चुनाव सिर्फ राजनीति नहीं, बल्कि आने वाले कल की दिशा तय करेगा।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *