भोपाल-इंदौर में कांग्रेस-बीजेपी टकराव, पथराव के बाद सियासी संग्राम तेज

भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल और इंदौर में कांग्रेस और बीजेपी कार्यकर्ताओं के बीच हुए पथराव के बाद सियासी पारा चढ़ गया है। दोनों दलों के नेता एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगा रहे हैं, वहीं पुलिस प्रशासन ने भी मामले में वैधानिक कार्रवाई की बात कही है।

नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कहा कि देश में इमरजेंसी जैसे हालात बना दिए गए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि दादागिरी और गुंडागर्दी की राजनीति की जा रही है और दिल्ली व नागपुर के इशारे पर हमला कराया गया। उनका कहना है कि कांग्रेस कार्यकर्ता मजबूती से खड़े हैं और लोकतंत्र को दबाने की कोशिश हो रही है।

वहीं आशीष अग्रवाल ने पलटवार करते हुए कहा कि भाजपा युवा मोर्चा के कार्यकर्ता शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे थे, लेकिन कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उन पर पत्थर बरसाए। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने महिलाओं पर अभद्र टिप्पणियां कीं और पार्टी को इसके लिए माफी मांगनी चाहिए। साथ ही उन्होंने कांग्रेस नेतृत्व और राहुल गांधी के मध्य प्रदेश दौरे को लेकर भी सवाल उठाए।

इस पूरे घटनाक्रम पर संजय कुमार ने कहा कि एफआईआर के आधार पर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और पूरे प्रकरण को देखते हुए आगे की कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल दोनों शहरों में स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है, लेकिन सियासी बयानबाजी ने माहौल को और गरमा दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *