जबलपुर। मध्यप्रदेश के जबलपुर में शहर जिला कांग्रेस कमेटी ने अनोखे अंदाज़ में ‘समस्याओं की होली’ जलाकर विरोध दर्ज कराया। इस दौरान देश और प्रदेश से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर प्रदर्शन किया गया और भ्रष्टाचार व कथित ट्रेड डील को जनविरोधी बताया गया। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि इन नीतियों से किसानों, युवाओं और मजदूरों के हित प्रभावित हो रहे हैं।
सोमवार रात आयोजित इस कार्यक्रम में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने समस्याओं के प्रतीक रूप में होली दहन किया और उनसे मुक्ति की प्रार्थना की। नेताओं ने बीते चार वर्षों में सैकड़ों करोड़ के पुल घोटाले का जिक्र करते हुए केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर गंभीर आरोप लगाए।
कांग्रेस जिला अध्यक्ष सौरभ नाटी शर्मा ने कहा कि देश-प्रदेश की तमाम समस्याओं के समाधान के लिए प्रतीकात्मक दहन किया गया है। उन्होंने इंदौर में दूषित पानी से मौतों का मुद्दा उठाया और अन्य राष्ट्रीय मामलों का भी जिक्र किया। कार्यक्रम के दौरान भारतीय जनता पार्टी और केंद्र सरकार की नीतियों पर तीखा हमला बोला गया और जनहित के मुद्दों पर संघर्ष जारी रखने की बात कही गई।

