अमेरिका ट्रेड डील के विरोध में भोपाल में कांग्रेस का मेगा प्रदर्शन

भोपाल। भारत-अमेरिका ट्रेड डील के खिलाफ कांग्रेस ने बड़ा आंदोलन छेड़ने का ऐलान किया है। भोपाल के अटल पथ पर किसानों की चौपाल लगाई जाएगी, जिसमें देशभर से आए किसानों की भागीदारी का दावा किया जा रहा है।

इस सम्मेलन में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी शामिल होंगे। कार्यक्रम के अनुसार दोनों नेता दोपहर करीब एक बजे भोपाल पहुंचेंगे और दो बजे सभास्थल पर किसानों को संबोधित करेंगे।

कांग्रेस का आरोप है कि यह ट्रेड डील किसान विरोधी है और इससे देश के कृषि क्षेत्र को नुकसान होगा। पार्टी ने दावा किया है कि इस आंदोलन में करीब एक लाख किसान शामिल होंगे, जिनमें भोपाल के आसपास के 11 जिलों के किसान प्रमुख रूप से मौजूद रहेंगे।

वहीं कांग्रेस व्यापारियों के साथ भी संवाद करेगी। प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी श्यामला हिल्स और लखेरापुरा क्षेत्र में व्यापारियों से मुलाकात कर ट्रेड डील पर चर्चा करेंगे। दोपहर साढ़े तीन बजे कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता बाजार क्षेत्र में पहुंचकर लोगों से संवाद करेंगे और इस मुद्दे पर समर्थन जुटाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *