नए साल की पहली सुबह कांग्रेस का बड़ा ऐलान, आज से पूरे प्रदेश में पंचायत कांग्रेस कमेटियों का गठन शुरू

भोपाल। नए साल के पहले ही दिन कांग्रेस ने संगठन को जमीनी स्तर तक मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है और आज से पूरे प्रदेश में पंचायत कांग्रेस कमेटियों के गठन की शुरुआत हो गई है। जिला और ब्लॉक स्तर के बाद अब कांग्रेस सीधे वार्ड और पंचायत तक अपने संगठन का विस्तार करने जा रही है, जिसकी शुरुआत प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी खुद करेंगे।

आज दोपहर एक बजे भोपाल के कोड़िया देवका गांव से ग्राम पंचायत कांग्रेस कमेटी गठन कार्यक्रम की शुरुआत होगी, इसके बाद दोपहर दो बजे ग्राम टीला खेड़ी हुजूर, भोपाल में किसानों के साथ संवाद किया जाएगा। कांग्रेस ने लक्ष्य तय किया है कि साल के शुरुआती तीन महीनों में प्रदेश के हर गांव में पंचायत कांग्रेस कमेटी का गठन पूरा कर लिया जाएगा।

इस कार्यक्रम को लेकर पीसीसी चीफ जीतू पटवारी ने कहा कि कांग्रेस ने एक बेहद महत्वपूर्ण अभियान की शुरुआत की है, जिसका मकसद गांव और वार्ड स्तर तक संगठन को मजबूत करना है। उन्होंने साफ कहा कि कांग्रेस बीजेपी की नफरत की राजनीति से लड़ने के लिए नए साल में इस अभियान की शुरुआत कर रही है। 5 जनवरी से पूरे प्रदेश में यह प्रक्रिया एक साथ शुरू होगी और सभी कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि ग्राम पंचायत स्तर पर गठन का काम एकजुट होकर किया जाए। कांग्रेस का दावा है कि 20 फरवरी से पहले यह पूरा अभियान समाप्त कर लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *