भोपाल। घरेलू और कमर्शियल गैस सिलेंडर की लगातार बढ़ती कीमतों को लेकर राजधानी भोपाल में कांग्रेस ने केंद्र सरकार के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। भोपाल जिला कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने रोशनपुरा चौराहे पर इकट्ठा होकर महंगाई के मुद्दे पर नरेंद्र मोदी सरकार को घेरा और जमकर नारेबाजी की। इस दौरान प्रदर्शनकारियों के हाथों में “महंगाई का इंजेक्शन” लिखे पोस्टर भी नजर आए, जिनके जरिए उन्होंने बढ़ती महंगाई के खिलाफ अपना गुस्सा जाहिर किया।
प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ता भी शामिल हुईं और उन्होंने कहा कि किसी भी घर की शुरुआत चूल्हे से होती है, लेकिन गैस सिलेंडर की लगातार बढ़ती कीमतों ने आम परिवारों का घरेलू बजट पूरी तरह बिगाड़ दिया है। महिलाओं का कहना है कि रसोई का खर्च तेजी से बढ़ रहा है और इसका सीधा असर आम लोगों की जिंदगी पर पड़ रहा है।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाते हुए कहा कि साल 2014 में घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत करीब 400 रुपये के आसपास थी, लेकिन अब इसकी कीमत बढ़कर 900 रुपये से भी ऊपर पहुंच चुकी है, जिससे आम आदमी की जेब पर भारी बोझ पड़ रहा है। उन्होंने केंद्र सरकार से मांग की कि गैस सिलेंडर की कीमतों को जल्द से जल्द कम किया जाए ताकि जनता को राहत मिल सके।
साथ ही कांग्रेस ने चेतावनी भी दी कि अगर गैस सिलेंडर के दाम कम नहीं किए गए तो आने वाले समय में इस मुद्दे को लेकर बड़ा आंदोलन किया जाएगा और सड़क से लेकर संसद तक आवाज उठाई जाएगी।

