गंजबासौदा (विदिशा)। रविवार को वार्ड क्रमांक 21 के शिवनगर इलाके में उस वक्त हड़कंप मच गया जब नगर पालिका की वाटर सप्लाई पाइपलाइन से बदबूदार पानी के साथ एक मरा हुआ सांप निकल आया। इस घटना के सामने आते ही मामला गरमा गया और कांग्रेस ने इसे लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। रैली निकालकर मुख्यमंत्री के नाम एसडीएम को ज्ञापन सौंपा गया।
कांग्रेस का कहना है कि पाइपलाइन से पहले भी बदबूदार पानी की शिकायतें मिल रही थीं और जांच में सांप के साथ-साथ कबूतर भी मृत अवस्था में पाए गए। आरोप लगाया गया कि न जाने कितने जीव-जंतु इस पाइपलाइन में सड़े पड़े होंगे, जबकि कई दिनों से वार्ड के लोग यही दूषित पानी पीने को मजबूर थे। पार्टी ने पूरे नगर में पाइपलाइन की तत्काल साफ-सफाई कराने और समय-समय पर पानी की जांच सुनिश्चित करने की मांग की।
पूर्व विधायक निशंक जैन ने मांग उठाई कि हर वार्ड में स्वास्थ्य शिविर लगाए जाएं, लोगों की मेडिकल जांच की जाए और नागरिकों को क्लोरीन की दवा वितरित की जाए। साथ ही प्रत्येक वार्ड में पानी की गुणवत्ता की जांच कराई जाए और इस पूरी घटना की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाए। चेतावनी दी गई कि यदि जल्द कदम नहीं उठाए गए तो कांग्रेस नागरिकों के साथ मिलकर उग्र आंदोलन करेगी।

