भोपाल। Madhya Pradesh Congress Committee के अध्यक्ष Jitu Patwari ने मुख्यमंत्री Mohan Yadav के प्रस्तावित Vijayaraghavgarh दौरे से पहले एक पत्र लिखकर कई सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने पूछा है कि विधायक Sanjay Pathak से लगभग 443 करोड़ रुपये की रिकवरी आखिर कब की जाएगी।
अपने पत्र में जीतू पटवारी ने लिखा कि मुख्यमंत्री 14 मार्च को विजयराघवगढ़ विधानसभा क्षेत्र के दौरे पर जा रहे हैं, जो वर्तमान में विधायक संजय पाठक का क्षेत्र है। ऐसे में प्रदेश के गरीब, आदिवासी और किसान यह जानना चाहते हैं कि विधानसभा में दिए गए आधिकारिक जवाब के अनुसार यदि संजय पाठक की पारिवारिक फर्मों पर करीब 443 करोड़ रुपये की रिकवरी लंबित है, तो इस राशि की वसूली कब की जाएगी और उन्हें डिमांड नोटिस कब जारी किया जाएगा।
पत्र में यह भी सवाल उठाया गया कि संजय पाठक पर करीब 1143 एकड़ भूमि गरीब आदिवासी परिवारों के नाम पर खरीदे जाने और बेनामी संपत्ति होने के आरोप लगे हैं। ऐसे में क्या राज्य सरकार इस मामले में कोई ठोस कार्रवाई करेगी।
इसके अलावा आम सहारा निवेशकों के पैसे से खरीदी गई लगभग 309 एकड़ जमीन को लेकर भी सवाल उठाए गए हैं। पत्र में पूछा गया है कि क्या इस मामले में संजय पाठक के परिवार और उनकी फर्मों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाएगी और उस जमीन को कब तक अटैच किया जाएगा।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने यह भी आरोप लगाया कि Katni के नगर सुधार न्यास की योजना क्रमांक 15 की जमीन, जो 311 परिवारों को आवंटित की जानी थी, उस पर अवैध कब्जे के आरोप लगे हैं। उन्होंने पूछा कि क्या सरकार इस जमीन को वापस नगर निगम के अधिकार में लाकर आम लोगों को नियमानुसार प्लॉट उपलब्ध कराएगी।
पत्र में यह भी दावा किया गया कि विधायक संजय पाठक द्वारा न्यायाधीश के फैसले को प्रभावित करने की कोशिश और दबाव बनाने जैसे गंभीर आरोप भी सामने आए हैं, जिनका उल्लेख न्यायालय के आदेश में होने की बात कही गई है।
जीतू पटवारी ने अपने पत्र में कहा कि प्रदेश की जनता यह जानना चाहती है कि इन गंभीर आरोपों पर अब तक कार्रवाई क्यों नहीं हुई। क्या यह प्रशासनिक लापरवाही है या इसके पीछे कोई राजनीतिक संरक्षण काम कर रहा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि मुख्यमंत्री मोहन यादव विजयराघवगढ़ दौरे के दौरान इन सवालों का स्पष्ट और तथ्यात्मक जवाब देंगे और यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो निष्पक्ष और कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

