भोपाल। मध्य प्रदेश में आज से कांग्रेस का टैलेंट हंट प्रोग्राम शुरू हो गया है, जिसके जरिए पार्टी सोशल मीडिया, कंटेंट क्रिएटर और प्रवक्ताओं की नई टीम तैयार करने जा रही है।
यह कार्यक्रम तीन चरणों में पूरा किया जाएगा और इसका मकसद चुनाव से पहले एक मजबूत टीम खड़ी करना है, जो सोशल मीडिया पर सक्रिय रहे और फैक्ट आधारित जवाब दे सके।
इस टैलेंट हंट में यंग प्रोफेशनल्स और अलग-अलग सेक्टर में काम करने वाले लोगों को भी मौका दिया जाएगा, वहीं पार्टी की विचारधारा से प्रभावित लोगों को प्राथमिकता मिलेगी।
पूर्व मंत्री पीसी शर्मा ने कहा कि इस बार खास ध्यान रखा जाएगा कि पार्टी से जुड़े लोग इधर-उधर न जाएं और केवल सच्चे और समर्पित कांग्रेसी ही चुने जाएं। उन्होंने साफ कहा कि किसी भी बहरूपिया को जगह नहीं दी जाएगी और प्रवक्ताओं का चयन सोच-समझकर किया जाएगा।
वहीं बीजेपी ने इस प्रोग्राम पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस की रीति-नीति में ही खोट है, जिसकी वजह से नेता और पदाधिकारी पार्टी छोड़ रहे हैं।
बीजेपी प्रदेश प्रवक्ता अजय सिंह यादव ने कहा कि कांग्रेस चाहे टैलेंट हंट करे या किसी और तरीके से प्रवक्ता बनाए, लेकिन पार्टी की सोच के कारण न प्रवक्ता टिकते हैं और न ही पदाधिकारी।
उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस की नीतियों से खुद कांग्रेसी ही परेशान हैं और यही वजह है कि अच्छे लोग पार्टी छोड़कर जा रहे हैं।

