धार। मध्य प्रदेश में एक बार फिर सियासी हलचल तेज हो गई है। कालूसिंह ठाकुर का एक कथित विवादित वीडियो सामने आया है, जिसमें वे एक महिला के साथ गाली-गलौज करते और धमकी देते हुए नजर आ रहे हैं।
धार जिले के धरमपुरी से विधायक कालूसिंह ठाकुर का यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। आरोप है कि वीडियो में वे महिला को अपशब्द कह रहे हैं और डराने-धमकाने की कोशिश कर रहे हैं। इस मामले में महिला ने धामनोद थाने में शिकायती आवेदन भी दिया है, जिसमें विधायक के खिलाफ कई गंभीर आरोप लगाए गए हैं।
पीड़िता का कहना है कि उसकी बेटी के कपड़े फाड़े गए और पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी गई। महिला का दावा है कि घटना की वीडियोग्राफी भी मौजूद है और उसने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
वहीं इस पूरे प्रकरण पर विधायक की ओर से अब तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। पुलिस अधिकारियों का बयान भी फिलहाल सामने नहीं आया है। मामले की जांच जारी है और अब सबकी नजर प्रशासनिक कार्रवाई पर टिकी है।

