भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में चाइनीज मांझे के बढ़ते खतरे को देखते हुए अब प्रशासन जागरूकता अभियान चलाने जा रहा है। शहर में अलग-अलग टीमें बनाई जाएंगी जो डोर टू डोर लोगों तक पहुंचेंगी और उन्हें चाइनीज मांझे का इस्तेमाल न करने की सलाह देंगी। यह अभियान भोपाल शहर के साथ-साथ आसपास के इलाकों में भी चलाया जाएगा, क्योंकि पिछले एक से दो वर्षों में चाइनीज मांझे के कारण कई गंभीर हादसे सामने आ चुके हैं। ताजा मामला रविवार को इंदौर से सामने आया, जहां चाइनीज मांझे से गला कटने पर एक व्यक्ति की दर्दनाक मौत हो गई।
दरअसल राजधानी भोपाल में चाइनीज मांझे का इस्तेमाल, बिक्री और भंडारण पूरी तरह प्रतिबंधित है। इसको लेकर बीते दिनों पुलिस कमिश्नर हरिनारायण चारी मिश्र ने आदेश जारी किया था। भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 की धारा 163 की उपधारा 2 के तहत यह निर्णय लिया गया है, जिसके अनुसार भोपाल शहर की सीमा में पतंगबाजी के दौरान चाइनीज मांझे का उपयोग, विक्रय और भंडारण पूरी तरह बैन है।
प्रशासन ने साफ किया है कि चाइनीज मांझे के साथ पकड़े जाने पर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। भोपाल पुलिस ने यह फैसला पक्षियों, राहगीरों और दोपहिया वाहन चालकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया है, क्योंकि हर साल चाइनीज मांझे से लोग गंभीर हादसों का शिकार होते हैं और कई मामलों में जानलेवा चोटें भी सामने आती हैं। प्रशासन ने दुकानदारों और आम नागरिकों से अपील की है कि केवल सुरक्षित मांझे का ही इस्तेमाल करें और यदि कहीं भी चाइनीज मांझा दिखे तो तुरंत पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते हादसों को रोका जा सके।

