टीकमगढ़। वर्ल्ड कप जीतने वाली भारतीय महिला क्रिकेट टीम की खिलाड़ी क्रांति गौड़ ने ‘तेल कम, फिट होंगे हम’ मुहिम की खुलकर सराहना की है। NEWS24 MP-CG से खास बातचीत में क्रांति गौड़ ने कहा कि खिलाड़ियों के लिए ऑयली खाना पहले से ही वर्जित रहता है और हम भी ज्यादा तला-भुना नहीं खा सकते, इसलिए जो चीजें सेहत के लिए सही हैं, उन्हें अपनाना ही चाहिए। टीकमगढ़ जिले के बड़े गांव स्थित हनुमान मंदिर में दर्शन के दौरान उन्होंने फिटनेस और हेल्दी लाइफस्टाइल को बेहद जरूरी बताया।
क्रांति गौड़ ने कहा कि मध्य प्रदेश सरकार महिला क्रिकेट को लगातार सपोर्ट कर रही है और अब माता-पिता भी बच्चों पर भरोसा जता रहे हैं। वर्ल्ड कप जीतने के बाद लड़कियों का क्रिकेट के प्रति रुझान काफी बढ़ा है। उन्होंने माता-पिता से अपील की कि लड़का-लड़की में फर्क न करें और बच्चों को उनका सपना पूरा करने का मौका दें, चाहे वह पढ़ाई हो या क्रिकेट या फिर कोई भी खेल।
महिला ब्लाइंड क्रिकेट खिलाड़ियों को 25-25 लाख रुपये देने के फैसले पर खुशी जताते हुए क्रांति गौड़ ने इसे सरकार का सराहनीय कदम बताया और कहा कि समाज व जनप्रतिनिधियों को भी ऐसे खिलाड़ियों का सहयोग करना चाहिए। छतरपुर में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा क्रिकेट स्टेडियम बनाने की घोषणा पर उन्होंने कहा कि उनकी यही इच्छा है कि यह स्टेडियम जल्द से जल्द बने, ताकि प्रदेश के युवा और खिलाड़ी आगे बढ़ सकें।

