पांढुर्णा (छिंदवाड़ा) शहर के गणेश वार्ड में रविवार देर रात करीब डेढ़ बजे उस वक्त सनसनी फैल गई जब दो अज्ञात बदमाशों ने एक मकान का दरवाजा तोड़कर अंदर घुसपैठ कर दी। घर में उस समय सास संध्या सुरस्कर और बहू विदुला सिरस्कर मौजूद थीं, जबकि बेटा राहुल गांव से बाहर गया हुआ था। बदमाशों ने पहले दरवाजे की कुंडी तोड़ी, फिर घर में घुसकर अलमारी खंगाली, लेकिन जब कुछ हाथ नहीं लगा तो दोनों महिलाओं को बंधक बना लिया।
इसी दौरान बदमाशों ने विदुला के गले से सोने की चेन छीनने की कोशिश की। उसने विरोध किया तो आरोपियों ने बेरहमी दिखाते हुए ब्लेड से उसके गले और हाथ पर कई वार कर दिए। खून से लथपथ हालत में महिला चीख उठी और बदमाश चेन लूटकर ऊपरी मंजिल के रास्ते फरार हो गए।
महिलाओं की चीख-पुकार सुनकर मोहल्ले के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आरोपी भाग चुके थे। सूचना मिलते ही पुलिस पहुंची, इलाके की घेराबंदी कर तलाशी अभियान चलाया गया, मगर कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लगा। थाना प्रभारी अजय मरकाम ने बताया कि आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द ही उन्हें पकड़ लिया जाएगा।
गौरतलब है कि इससे पहले 21 फरवरी को संतोषी माता वार्ड और सांई धाम कॉलोनी में भी तीन घरों में लूट की वारदात हो चुकी है। आठ दिन बाद भी उन मामलों में आरोपियों का सुराग नहीं लग सका है, जिससे शहर में दहशत और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है।

