बदमाशों के बुलंद हौसले: सतना की नवरंग पार्क कॉलोनी में युवती से मोबाइल लूटने की कोशिश, CCTV में कैद हुई पूरी वारदात

सतना। मध्य प्रदेश के सतना जिले के कोलगवां थाना क्षेत्र की नवरंग पार्क कॉलोनी में दिनदहाड़े एक ऐसी वारदात सामने आई जिसने इलाके में दहशत फैला दी है। एक युवती सुनसान गली से अकेले गुजर रही थी, तभी पहले से घात लगाए बैठे एक अज्ञात बदमाश ने अचानक उस पर हमला कर दिया और उसके हाथ से मोबाइल झपटने की कोशिश करने लगा।

सीसीटीवी फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि आरोपी ने बेहद तेजी से युवती के करीब पहुंचकर मोबाइल छीनने का प्रयास किया, लेकिन अचानक हुए इस हमले के बावजूद युवती ने हिम्मत नहीं हारी। उसने तुरंत जोर-जोर से शोर मचाना शुरू कर दिया। युवती की आवाज सुनते ही और पकड़े जाने के डर से बदमाश घबरा गया और बिना मोबाइल छीने ही मौके से फरार हो गया। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जो अब पुलिस जांच का सबसे बड़ा आधार बन चुका है।

घटना के बाद नवरंग पार्क कॉलोनी और आसपास के क्षेत्र में भय का माहौल है। स्थानीय लोगों ने पुलिस से गश्त बढ़ाने की मांग की है ताकि इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके। कोलगवां थाना पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान की जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *