ठूंस-ठूंस भरे थे गोवंश: भोपाल–नागपुर हाईवे पर 35 गोवंश से भरे कंटेनर को हिंदू संगठन और पुलिस ने पकड़ा, चालक हिरासत में

बैतूल। मध्य प्रदेश के बैतूल जिले में भोपाल–नागपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर गोवंश तस्करी का बड़ा मामला सामने आया है, जहां ग्राम भिलाई के पास हिंदू संगठनों के सक्रिय कार्यकर्ताओं और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में 35 गोवंश से भरा एक कंटेनर पकड़ा गया। इस कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।

जानकारी के मुताबिक शिवपुरी से एक कंटेनर में बड़ी संख्या में गोवंशों को ठूंस-ठूंस कर भरकर हैदराबाद की ओर अवैध रूप से ले जाया जा रहा था। जैसे ही इसकी सूचना हिंदू संगठनों के युवाओं को मिली, उन्होंने कंटेनर का पीछा करना शुरू किया और तुरंत मुलताई थाना पुलिस को इसकी जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए ग्राम भिलाई के पास कंटेनर को रोक लिया।

कार्रवाई के दौरान मौके पर सैकड़ों की संख्या में स्थानीय लोग भी जमा हो गए, हालांकि पुलिस ने स्थिति को संभालते हुए कानून-व्यवस्था बनाए रखी और कंटेनर चालक को तत्काल हिरासत में ले लिया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। कंटेनर में कुल 35 गोवंश पाए गए हैं और अवैध परिवहन के साथ-साथ गोवंशों की स्थिति और नियमों के उल्लंघन को लेकर भी जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *