मुरैना। मुरैना की सड़कों पर उस वक्त हड़कंप मच गया जब एक सीआरपीएफ जवान स्कूटी से जाते समय अचानक बेसुध होकर गिर पड़ा। बताया जा रहा है कि युवक बैरियर चौराहा से सदर बाजार की ओर जा रहा था, तभी भोज भवन के पास अचानक उसकी तबीयत बिगड़ी और वह स्कूटी समेत सड़क पर गिर गया।
घटना देखते ही आसपास के लोग मौके पर इकट्ठा हो गए। शुरुआत में कुछ लोगों को लगा कि युवक को मिर्गी का दौरा पड़ा है, लेकिन वहीं मौजूद कुछ समझदार युवाओं ने हालात को गंभीरता से समझा और दिल का दौरा होने की आशंका जताई। बिना देर किए उन्होंने तुरंत CPR देना शुरू कर दिया।
करीब दो से तीन मिनट तक लगातार CPR देने के बाद युवक के शरीर में हलचल शुरू हुई। थोड़ी ही देर में उसकी आंखें खुलीं, हालांकि उसे पूरी तरह होश में आने में करीब 15 मिनट का समय लगा। होश में आने के बाद युवक ने अपना नाम कुलदीप सिंह तोमर बताया और खुद को CRPF का जवान बताया।
जवान ने बताया कि वह मुरैना की नवोदय कॉलोनी में रहता है और घर से सामान लेने निकला था। उसे पहले कभी मिर्गी जैसी कोई समस्या नहीं रही, ऐसे में डॉक्टरों ने भी दिल का दौरा पड़ने की संभावना जताई है।
इस घटना ने एक बार फिर साबित कर दिया कि सही समय पर दी गई CPR किसी की जिंदगी बचा सकती है। मौके पर मौजूद लोगों की सूझबूझ और तत्परता से एक जवान को नई जिंदगी मिल गई।

