बुधनी। मध्यप्रदेश की बुधनी विधानसभा के भेरूंदा क्षेत्र से एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें Shivanand Maharaj क्षेत्रीय नेताओं पर तीखा बयान देते नजर आ रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक भेरूंदा के ग्राम सातदेव में आयोजित 21 दिवसीय यज्ञ कार्यक्रम के समापन के बाद दादा शिवानंद महाराज भक्तों के बीच पहुंचे और सभी को आशीर्वाद दिया, लेकिन इसी दौरान उन्होंने क्षेत्र की राजनीति को लेकर नाराजगी भी जाहिर की।
बताया जा रहा है कि कुछ स्थानीय नेताओं ने इस धार्मिक आयोजन का विरोध किया था, जिस पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि ना तो बीजेपी का कोई सांसद जीतेगा और ना ही कांग्रेस का कोई विधायक रहेगा, यहां वही जीतेगा जिसे वे चाहेंगे।
उनका यह बयान किसी व्यक्ति ने वीडियो में रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और चर्चा का विषय बना हुआ है।
फिलहाल इस बयान को लेकर किसी भी राजनीतिक दल की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है, लेकिन वीडियो के वायरल होने के बाद क्षेत्र में सियासी हलचल जरूर तेज हो गई है।

