ग्वालियर। आजाद समाज पार्टी के नेता दामोदर यादव ग्वालियर पहुंचे, जहां उन्होंने गढ़रौली गांव में कुशवाहा युवक के साथ हुई मारपीट के मामले में मुख्यमंत्री और पुलिस अधीक्षक से सख्त कार्रवाई की मांग की। दामोदर यादव ने साफ शब्दों में चेतावनी दी कि अगर दोषियों पर कार्रवाई नहीं हुई तो उनकी पार्टी आंदोलन करेगी।
दामोदर यादव ने इंदरगढ़ में आयोजित चंद्रशेखर आजाद के कार्यक्रम को सफल बताते हुए दावा किया कि साल 2028 में मध्य प्रदेश में आजाद समाज पार्टी चुनाव लड़ेगी और सरकार बनाएगी। इसी दौरान उन्होंने कथावाचक धीरेंद्र शास्त्री पर तीखा हमला बोलते हुए उन्हें बीजेपी का एजेंट करार दिया। दामोदर ने कहा कि धीरेंद्र शास्त्री चुनाव से पहले बिहार गए और अब कोलकाता पहुंचे हैं, जिससे साफ है कि वे बीजेपी के लिए राजनीतिक काम कर रहे हैं। उन्होंने ऐलान किया कि अब धीरेंद्र शास्त्री को गैर-संवैधानिक यात्राएं नहीं निकालने दी जाएंगी और उनकी लड़ाई धीरेंद्र शास्त्री से नहीं बल्कि मंडल बनाम कमंडल की विचारधारा से है।
डबरा में बन रहे मंदिर को लेकर भी दामोदर यादव ने आपत्ति जताई। उनका आरोप है कि शुगर मिल की जमीन पर कब्जा करने वाले भू-माफिया अब मंदिर निर्माण कर रहे हैं। उन्होंने कलेक्टर से मंदिर निर्माण पर तत्काल रोक लगाने और पूरे मामले की जांच कराने की मांग की। वहीं ग्वालियर के गढ़रौली गांव में कुशवाहा युवक के साथ मारपीट के मुद्दे पर दामोदर यादव ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री ओबीसी हैं और ग्वालियर से कुशवाहा समाज के सांसद मंत्री हैं, इसके बावजूद सभी चुप हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि ये सब निर्णय नागपुर से ऑपरेट होते हैं और स्थानीय जनप्रतिनिधियों की कोई भूमिका नहीं रह गई है।

