इंदौर। सोशल मीडिया पर मशहूर इन्फ्लुएंसर Robin Jindal उर्फ Oye Indori एक बार फिर सुर्खियों में आ गए हैं। इस बार वजह उनका एक वायरल वीडियो है, जिसमें वे ट्रैफिक नियमों की खुलेआम धज्जियां उड़ाते नजर आ रहे हैं।
वायरल हो रहे वीडियो में देखा जा सकता है कि ओए इंदौरी बिना हेलमेट के Royal Enfield Bullet चलाते नजर आ रहे हैं। इतना ही नहीं, वे बाइक की फ्यूल टंकी पर बैठकर फिल्मी अंदाज में सवारी करते दिखाई दे रहे हैं, जो साफ तौर पर बेहद खतरनाक स्टंट माना जाता है।
वीडियो में आगे देखा जा सकता है कि उन्होंने एक युवती को भी बाइक की टंकी पर आगे बैठा रखा है और उसी हालत में बाइक दौड़ाते नजर आ रहे हैं। पूरे वीडियो के दौरान न तो हेलमेट का इस्तेमाल किया गया और न ही बाइक पर नंबर प्लेट दिखाई दे रही है।
इस तरह की लापरवाही न केवल उनकी खुद की जान के लिए खतरा है, बल्कि सड़क पर चल रहे अन्य लोगों के लिए भी बड़ा जोखिम पैदा कर सकती है। ट्रैफिक नियमों के अनुसार बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाना, बाइक की टंकी पर किसी को बैठाना और बिना नंबर प्लेट वाहन चलाना गंभीर अपराध माना जाता है, जिन पर भारी जुर्माना और चालान की कार्रवाई हो सकती है।

