जिले के सदर कोतवाली क्षेत्र में एक झोलाछाप डॉक्टर के इलाज के दौरान 18 वर्षीय युवती की मौत के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया, गुस्साए परिजनों ने शव को सड़क पर रखकर नगर तिराहे पर जाम लगा दिया और जमकर विरोध प्रदर्शन किया।
जानकारी के मुताबिक अमरूतिया के पासी टोला निवासी मोनिका को बुखार आने पर परिजन बैकुंठपुर चौराहे स्थित एक निजी चिकित्सक के पास लेकर पहुंचे थे, आरोप है कि डॉक्टर द्वारा इंजेक्शन लगाए जाने के तुरंत बाद उसकी हालत बिगड़ गई और अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना से आक्रोशित परिजन मर्चरी से शव लेकर नगर तिराहे पहुंचे और सड़क जाम कर नारेबाजी शुरू कर दी, जिससे यातायात पूरी तरह बाधित हो गया और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने का प्रयास किया, वहीं महराजगंज पुलिस ने मृतका के पिता की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी डॉक्टर की तलाश शुरू कर दी है, फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है।

