उज्जैन में हिंदूवादी नेता पर जानलेवा हमला, 5 गिरफ्तार मुख्य आरोपी फरार, विहिप ने हनुमान चालीसा का पाठ कर दिया अल्टीमेटम

उज्जैन। मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले के तराना थाना क्षेत्र में गुरुवार रात विश्व हिंदू परिषद के नगर मंत्री सोहेल ठाकुर पर जानलेवा हमला किया गया। राम मंदिर के पास सुखला गली में खड़े सोहेल ठाकुर पर हमलावरों ने पीछे से आकर रॉड से हमला कर दिया, जिससे उनके सिर में गंभीर चोट आई। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें उज्जैन जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां उनकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। इस घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल बन गया।

पुलिस के मुताबिक, हमले के दौरान पहले विवाद हुआ और फिर अचानक कई युवकों ने सोहेल ठाकुर पर हमला बोल दिया। प्रारंभिक जांच में 5 से अधिक आरोपियों की भूमिका सामने आई है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या के प्रयास की धारा में मामला दर्ज किया और 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मुख्य आरोपी अभी फरार बताया जा रहा है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में ईशान मिर्जा, सप्पान मिर्जा, शादाब उर्फ इडली, सलमान मिर्जा, रिजवान मिर्जा और नावेद के नाम सामने आए हैं।

घटना की जानकारी मिलते ही विश्व हिंदू परिषद और अन्य हिंदू संगठनों में भारी आक्रोश फैल गया। कार्यकर्ताओं ने थाने का घेराव किया, हनुमान चालीसा का सामूहिक पाठ किया और जमकर नारेबाजी की। विहिप ने प्रशासन को रात करीब 9 बजकर 10 मिनट पर अल्टीमेटम देते हुए कहा कि सुबह 9 बजे तक मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी और ठोस कार्रवाई होनी चाहिए। इसके बाद देर रात करीब 2 बजकर 30 मिनट पर पुलिस ने कुछ गिरफ्तारियां कीं।

विहिप उज्जैन विभाग मंत्री विष्णु पाटीदार ने कहा कि प्रशासन को समय रहते सूचना दे दी गई थी, लेकिन अब तक मुख्य आरोपी का फरार होना कई सवाल खड़े करता है। उन्होंने साफ कहा कि जब तक मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होती, संगठन संतुष्ट नहीं होगा और आगे की रणनीति वरिष्ठ पदाधिकारियों के निर्देश पर तय की जाएगी।

घटना के बाद इलाके में बाजार बंद रहे और हालात को देखते हुए धारा 144 लागू कर दी गई है। पुलिस ने भारी बल तैनात कर स्थिति नियंत्रण में होने का दावा किया है। वहीं विहिप नेताओं का कहना है कि पुलिस सहयोग कर रही है, लेकिन मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी में हो रही देरी से हिंदू समाज में नाराजगी बढ़ रही है। संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो बड़े स्तर पर आंदोलन किया जाएगा। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *