मोहब्बत की सजा मौत, लव मैरिज के एक साल बाद ससुराल वालों ने रची खूनी साजिश और खत्म कर दी प्रेम कहानी

लखनऊ. राजधानी से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां प्यार की कहानी का अंत बेहद खौफनाक तरीके से हुआ। एक युवक, जिसने एक साल पहले अपनी प्रेमिका से शादी की थी, उसी के ससुराल वालों ने कथित तौर पर उसे मौत के घाट उतार दिया। इतना ही नहीं, जब उसका भाई उसे बचाने पहुंचा तो उस पर भी जानलेवा हमला किया गया।

पूरा मामला काकोरी थाना क्षेत्र के लालता खेड़ा गांव का बताया जा रहा है। यहां की रहने वाली कामिनी ने करीब एक साल पहले पीलीभीत के माधौटांडा क्षेत्र निवासी रामसागर से प्रेम विवाह किया था। परिवार इस रिश्ते के खिलाफ था, इसलिए दोनों पीलीभीत में रहकर अपनी जिंदगी बिता रहे थे।

कुछ समय बाद कामिनी के घरवालों ने रीति-रिवाज से शादी की बात कहकर उसे मायके बुलाया और उस पर रामसागर से रिश्ता तोड़ने का दबाव बनाया, लेकिन कामिनी ने साफ इनकार कर दिया। इसके बाद साजिश का नया दौर शुरू हुआ।

आरोप है कि कामिनी के परिजनों ने रामसागर को बेटी की विदाई का झांसा देकर गांव बुलाया। भरोसा कर वह अपने भाई के साथ लालता खेड़ा पहुंच गया। वहां बातचीत के बहाने उसे गांव के बाहर ले जाया गया और फिर उस पर कामिनी को छोड़ने का दबाव बनाया गया। जब उसने मना किया तो उस पर बेरहमी से हमला कर दिया गया। सीने और पेट पर कई वार किए गए। भाई ने बचाने की कोशिश की तो उसे भी घायल कर दिया गया।

हमलावर मौके से फरार हो गए। राहगीरों की मदद से दोनों भाइयों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने रामसागर को मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।

पुलिस ने पीड़ित के भाई की शिकायत पर कामिनी के पिता और भाई समेत चार आरोपियों को हिरासत में ले लिया है और मामले की जांच जारी है। एक साल पहले जो प्रेम कहानी सपनों से शुरू हुई थी, उसका अंत अब खून और सन्नाटे में हो चुका है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *