चंदौली. मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के दुलहीपुर चौकी अंतर्गत सतपोखरी गांव में गुरुवार रात उस समय सनसनी फैल गई, जब 24 घंटे से लापता तीन वर्षीय मासूम का शव गांव के तालाब में मिला। मृतक की पहचान सालकिन उम्र तीन वर्ष के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार मासूम सालकिन बुधवार शाम घर के पास खेल रहा था, तभी अचानक लापता हो गया। परिजनों ने आसपास हर जगह तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। सूचना मिलते ही कोतवाल संतोष सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और खोज अभियान शुरू किया गया। दुलहीपुर, जलीलपुर और शिवाला चौकियों की पुलिस लगातार बच्चे की तलाश में जुटी रही।
गुरुवार रात गांव के पास स्थित तालाब में मासूम का शव उतराता हुआ मिला। शव देखते ही परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे गांव में मातम छा गया। सैकड़ों ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। मृतक के पिता कलीमुद्दीन और मां रेहाना बीबी हैं। परिवार में तीन बेटे थे, जिनमें फैजान 11 वर्ष, अलफैज 6 वर्ष और सबसे छोटा सालकिन था, जिसकी इस दर्दनाक हादसे में मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही सीओ डीडीयू नगर अरुण कुमार सिंह और अपर पुलिस अधीक्षक अनंत चंद्रशेखर भी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की हर पहलू से गहन जांच की जा रही है।

