बांका। बिहार विधानसभा चुनाव 2025 का माहौल पूरी तरह गरम है और इसी बीच बांका में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने आज एक विशाल जनसभा को संबोधित किया। उनके भाषण में जोश, विश्वास और विपक्ष पर तगड़ा हमला, दोनों ही साफ नजर आया। राजनाथ सिंह ने कहा — अब बिहार के भविष्य का फैसला जनता के हाथ में है, जो साफ दामन वाला होगा, वही राज्य को विकास के रास्ते पर ले जाएगा।
राजनाथ सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि यह समय तय करने का है कि बिहार को फिर से जंगलराज की ओर ले जाना है या विकास की दिशा में आगे बढ़ाना है। जनता अब जाग चुकी है, उसे पता है कि किसने बिहार को भय और भ्रष्टाचार की राजनीति में डुबोया था और किसने विकास का रास्ता दिखाया।
विपक्ष पर वार करते हुए उन्होंने कहा — पहले पटना में मौत दौड़ती थी, अब मेट्रो ट्रेन दौड़ रही है। यह नया बिहार है, जो कानून और विकास दोनों को साथ लेकर चल रहा है। उन्होंने कहा कि राजद हर बार नौकरी देने का वादा करती है, लेकिन कभी निभाती नहीं। बिहार की जनता अब धमकी नहीं, विकास चाहती है।
राजनाथ सिंह ने महागठबंधन पर झूठे वादों का आरोप लगाते हुए कहा कि विपक्ष के पास न नीति है, न नीयत। जो लोग पहले जंगलराज लाए थे, वही आज फिर सत्ता में लौटने का सपना देख रहे हैं। लेकिन बिहार की जनता अब मूर्ख नहीं है, वह जानती है कि एनडीए की सरकार ने सड़क, बिजली, शिक्षा, स्वास्थ्य और सुरक्षा के क्षेत्र में कितना काम किया है।
उन्होंने अपने भाषण में हाल ही में हुए पहलगाम हमले का भी जिक्र किया। राजनाथ सिंह ने कहा — आतंकवादी लोगों से धर्म पूछकर उन्हें मारते थे, लेकिन हमने आतंकवादियों के धर्म नहीं, उनके कर्म देखकर कार्रवाई की। भारत अब ऐसा देश है जो अन्याय नहीं करता, लेकिन अन्याय सहता भी नहीं है।
राजनाथ सिंह ने भारतीय संस्कृति और करुणा पर बात करते हुए कहा — भारत वह देश है जहां महिलाएं चींटी को भी नहीं मारतीं, बल्कि उसके लिए अलग से आटा निकाल देती हैं। यही हमारी सभ्यता है — करुणा, सेवा और सद्भावना से भरी हुई।
सभा के अंत में उन्होंने जनता से अपील की कि बिहार के उज्जवल भविष्य और स्थायी विकास के लिए एनडीए के उम्मीदवारों को भारी मतों से जीत दिलाएं। उन्होंने कहा — “यह नया बिहार है, जो डर नहीं खाता, आगे बढ़ना जानता है… और अब इसकी रफ्तार कोई नहीं रोक सकता।

