दिल्ली सोमवार शाम दहल उठी, जब लाल किले के पास जोरदार धमाका हुआ। इस हादसे के बाद पूरे शहर में अफरातफरी मच गई। बताया जा रहा है कि धमाका लाल किला मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर-1 के पास खड़ी एक कार में हुआ, जिसमें अब तक 10 लोगों की मौत हो चुकी है और 25 से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे हैं।
धमाका इतना शक्तिशाली था कि आसपास खड़ी 8 गाड़ियों में आग लग गई, उनकी खिड़कियां टूट गईं और सड़क पर चारों तरफ धुआं फैल गया। आग पर काबू पाने के लिए फायर ब्रिगेड की 7 टीमों को मौके पर भेजा गया, जिन्होंने घंटों की मशक्कत के बाद आग बुझाई। इस बीच पुलिस, NIA और फॉरेंसिक टीमें भी मौके पर पहुंच गई हैं और जांच जारी है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खुद गृह मंत्री अमित शाह से बात कर पूरे मामले की जानकारी ली है। वहीं अमित शाह ने आईबी चीफ से विस्तृत रिपोर्ट मांगी है और दिल्ली पुलिस को घटना की गहराई से जांच करने के निर्देश दिए हैं।
धमाके के बाद पूरी दिल्ली को हाई अलर्ट पर रख दिया गया है। सिर्फ दिल्ली ही नहीं, मुंबई और उत्तर प्रदेश में भी सुरक्षा बढ़ा दी गई है, खासतौर पर अयोध्या के राम मंदिर परिसर में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है।
फिलहाल पुलिस का कहना है कि धमाके की वजह अभी साफ नहीं है, लेकिन शुरुआती जांच में इसे हाई इंटेंसिटी ब्लास्ट बताया जा रहा है। मौके पर जांच एजेंसियां डेरा डाले हुए हैं, हर सुराग को बारीकी से परखा जा रहा है।
दिल्ली के दिल में हुए इस धमाके ने राजधानी की सुरक्षा व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है। जनता में दहशत है और प्रशासन सतर्क मोड पर। अब सबकी निगाहें NIA की रिपोर्ट पर टिकी हैं, जो ये बताएगी कि आखिर इस धमाके के पीछे किसका हाथ है।

