पटना। बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के बीच एक बार फिर सियासत में बयानबाज़ी का पारा चढ़ गया है। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के हालिया बयान ने पूरे राजनीतिक माहौल को गरमा दिया है। इसी को लेकर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने पटना में राहुल गांधी पर सीधा और तीखा हमला बोला।
रेखा गुप्ता ने कहा कि कांग्रेस और उनके सहयोगी दल अब चुनावी मुद्दों के अभाव में सेना और सुरक्षा बलों को भी राजनीति में घसीटने से पीछे नहीं हट रहे हैं। उन्होंने कहा कि यही पार्टियां जो सालों से जात-पात की राजनीति करती रही हैं, आज सेना को भी उस दलदल में खींचने की कोशिश कर रही हैं। यह बेहद शर्मनाक है। देश की सेना हमारे सम्मान और सुरक्षा का प्रतीक है, और उसे राजनीतिक रंग देने की कोशिश निंदनीय है।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने आगे कहा कि राहुल गांधी और विपक्षी दलों का असली एजेंडा देश को बांटने का है। उन्होंने कहा कि जो लोग विदेशों में जाकर भारत की बुराई करते हैं, जो सेना पर सवाल उठाते हैं, जो देश की सुरक्षा से समझौता करते हैं और भगवान श्रीराम के अस्तित्व तक पर प्रश्नचिह्न लगाते हैं — उन्हें तालाब नहीं, चुल्लू भर पानी में डूब मरना चाहिए।
रेखा गुप्ता ने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा देश की संस्थाओं को कमजोर किया है। सेना का अपमान करना, शहीदों के बलिदान पर सवाल उठाना और आतंकवाद के खिलाफ कार्रवाई पर राजनीति करना — यह कांग्रेस की पुरानी आदत है। NDA सरकार ने देश की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हर मंच पर सेना का सम्मान बढ़ाया है।
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी बार-बार ऐसे बयान देकर देश के जवानों का मनोबल तोड़ने का काम कर रहे हैं, जबकि सेना हमारे राष्ट्र की रीढ़ है। जिन्होंने गलवान, उरी और पुलवामा में अपना लहू बहाया, उनके बलिदान को राजनीति की नजर से देखना कांग्रेस की मानसिकता को उजागर करता है।
बिहार चुनाव को लेकर रेखा गुप्ता ने महागठबंधन पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि बिहार की जनता समझदार है और जानती है कि महागठबंधन केवल सत्ता के लिए एकजुट हुआ है। इनके पास न नीति है, न नीयत। इन्हीं की सरकारों ने बिहार को पिछड़ा बनाया और आज भी ये लोग जाति और धर्म की राजनीति से बाहर नहीं आ पा रहे।
उन्होंने कहा कि बिहार में इस बार फैसला “विकास बनाम विनाश” के बीच होगा। NDA की सरकार ही सुशासन और स्थिरता की गारंटी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मिलकर बिहार को नए विकास पथ पर आगे बढ़ाया है, और आज हर वर्ग के लोग विकास का लाभ महसूस कर रहे हैं।
रेखा गुप्ता ने दावा किया कि 2025 का यह चुनाव महागठबंधन के लिए आखिरी साबित होगा। उन्होंने कहा कि अब यह गठबंधन “महाभ्रष्टाचार और महाविफलता” का प्रतीक बन चुका है। जनता इनकी सच्चाई जान चुकी है और 14 नवंबर को आने वाले नतीजों में साफ दिखेगा कि बिहार में फिर NDA की पूर्ण बहुमत की सरकार बनेगी।
मुख्यमंत्री ने अंत में कहा कि बिहार की जनता को झूठे वादों में नहीं फंसना चाहिए। राहुल गांधी और उनके साथी सिर्फ वोट के लिए झूठ बोलते हैं, जबकि NDA काम करती है। हमारी सरकार ने देश की सुरक्षा, विकास और जनकल्याण के लिए जो किया है — वही हमारी असली ताकत है।
दरअसल, विवाद राहुल गांधी के उस बयान से शुरू हुआ जिसमें उन्होंने औरंगाबाद की एक रैली में कहा था कि देश की 10% ऊंची जातियां सेना और बड़े संस्थानों को कंट्रोल करती हैं, जबकि 90% दलित, पिछड़े और अल्पसंख्यक कहीं दिखाई नहीं देते। यही बयान अब चुनावी माहौल में सियासी भूचाल ला चुका है।

