विकास भी विरासत भी: गुवाहाटी वस्त्र सम्मेलन में सीएम डॉ. मोहन यादव ने चंदेरी-महेश्वरी साड़ियों, पीएम मित्र पार्क और टेक्सटाइल नीति से रोजगार-निवेश बढ़ाने की दिशा पर रखी बड़ी बात

भोपाल/गुवाहाटी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत का वस्त्र उद्योग विरासत के संरक्षण के साथ विकास की नई राह पर आगे बढ़ रहा है। मध्यप्रदेश सहित देश के कई राज्यों में हैंडलूम और हैंडीक्राफ्ट के क्षेत्र में उल्लेखनीय काम हो रहा है और मध्यप्रदेश सरकार ने वस्त्र उद्योग को रोजगारपरक औद्योगिक विकास की सर्वोच्च प्राथमिकता में रखा है।

गुवाहाटी वस्त्र सम्मेलन में मध्यप्रदेश की खास पहचान
गुरुवार को गुवाहाटी में आयोजित वस्त्र मंत्रियों के राष्ट्रीय सम्मेलन को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने चंदेरी और महेश्वरी साड़ियों की समृद्ध परंपरा की सराहना की और धार में बन रहे देश के पहले पीएम मित्र पार्क को ऐतिहासिक कदम बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने अपने जन्मदिवस पर पीएम मित्र पार्क का भूमिपूजन कर मध्यप्रदेश को बड़ी सौगात दी, जहां टेक्सटाइल पार्क और उद्योगों का एक साथ लोकार्पण किया जाएगा।

टेक्सटाइल नीति से रोजगार और निवेश को बढ़ावा
मुख्यमंत्री ने कहा कि संस्कृति, संसाधन और विरासत के मामले में मध्यप्रदेश टेक्सटाइल सहित कई उद्योगों में अग्रणी है। राज्य सरकार रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव के जरिए उज्जैन, रीवा, कटनी, भोपाल, इंदौर, ग्वालियर और जबलपुर जैसे जिलों में औद्योगिक गतिविधियों का विस्तार कर रही है। नर्मदापुरम में उच्च गुणवत्ता वाले मलबरी रेशम और ऑर्गेनिक कॉटन के उत्पादन को बढ़ावा दिया जा रहा है और टेक्सटाइल सेक्टर से बड़ी संख्या में महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाया जा रहा है।

हजारों करोड़ का निवेश, लाखों रोजगार का लक्ष्य
डॉ. यादव ने बताया कि बीते डेढ़ दशक में टेक्सटाइल सेक्टर की वैल्यू चेन में 25 हजार करोड़ रुपये से अधिक का निवेश हुआ है, जिससे भविष्य में लाखों लोगों को रोजगार मिलेगा। मध्यप्रदेश ऑर्गेनिक कॉटन, मैनमेड फाइबर और टेक्निकल टेक्सटाइल के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है।

उज्जैन में राष्ट्रीय वस्त्र सम्मेलन का प्रस्ताव
मुख्यमंत्री ने कहा कि जुलाई 2026 में होने वाले राष्ट्रीय वस्त्र सम्मेलन में मध्यप्रदेश सरकार पार्टनर बनने के लिए तैयार है और उन्होंने केंद्रीय वस्त्र मंत्री गिरिराज सिंह से अगला सम्मेलन बाबा महाकाल की नगरी उज्जैन में आयोजित करने का आग्रह भी किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *