भोपाल। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के एक सोशल मीडिया पोस्ट ने सियासी गलियारों में हलचल मचा दी है। अपने पोस्ट में उन्होंने न सिर्फ आरएसएस और भाजपा की खुलकर तारीफ की, बल्कि लालकृष्ण आडवाणी के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की एक पुरानी तस्वीर भी साझा की, जिसने सभी का ध्यान खींच लिया।
दिग्विजय सिंह द्वारा साझा की गई तस्वीर में लालकृष्ण आडवाणी कुर्सी पर बैठे नजर आ रहे हैं, जबकि उनके सामने जमीन पर बैठे नरेंद्र मोदी दिखाई दे रहे हैं। इस तस्वीर के साथ दिग्विजय सिंह ने लिखा कि यह चित्र उन्हें बेहद प्रभावशाली लगा। उन्होंने कहा कि किस तरह आरएसएस का एक ज़मीनी स्वयंसेवक और जनसंघ से भाजपा का कार्यकर्ता, नेताओं के चरणों में फर्श पर बैठते हुए आगे बढ़ा और प्रदेश का मुख्यमंत्री तथा देश का प्रधानमंत्री बना।
अपने पोस्ट में दिग्विजय सिंह ने इसे संगठन की ताकत बताया और लिखा कि यही संघटन की शक्ति है। पोस्ट के अंत में उन्होंने “जय सिया राम” भी लिखा। दिग्विजय सिंह के इस बयान और पोस्ट के बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है और हर कोई उनके इस बदले हुए तेवर पर टिप्पणी कर रहा है।

