लखनऊ.समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव के परिवार में एक बार फिर कलह खुलकर सामने आ गई है। उनके छोटे बेटे प्रतीक यादव ने अपनी पत्नी अपर्णा यादव से तलाक लेने का फैसला किया है। पत्नी के परिवार से अलग होने और बीजेपी में शामिल होने को लेकर लंबे समय तक चुप रहने वाले प्रतीक यादव ने अब सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर कर अपने फैसले का ऐलान कर दिया है।
प्रतीक यादव ने अपने पोस्ट में अपर्णा यादव पर गंभीर आरोप लगाते हुए लिखा कि वह जल्द से जल्द इस मतलबी औरत को तलाक देने जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि अपर्णा ने उनके परिवार के रिश्तों को खराब कर दिया और वह सिर्फ मशहूर और असरदार बनना चाहती है। प्रतीक के मुताबिक उनकी मेंटल हेल्थ काफी खराब है, लेकिन अपर्णा को इसकी कोई परवाह नहीं है क्योंकि उसे केवल अपनी ही चिंता है। पोस्ट में उन्होंने यहां तक लिखा कि उन्होंने इतनी बुरी औरत कभी नहीं देखी और खुद को बदकिस्मत बताया कि उन्होंने उससे शादी की। प्रतीक ने अपर्णा की फोटो के साथ ‘A Family Destroyer’ लिखकर भी पोस्ट साझा किया है।
गौरतलब है कि अपर्णा यादव की शादी मुलायम सिंह यादव की दूसरी पत्नी से जन्मे छोटे बेटे प्रतीक यादव से हुई थी। अपर्णा यादव साल 2017 के चुनाव के बाद से ही यादव परिवार से अलग राजनीतिक राह पर चलती नजर आईं। साल 2022 के यूपी विधानसभा चुनाव से पहले उन्होंने बीजेपी का दामन थाम लिया था। फिलहाल अपर्णा यादव उत्तर प्रदेश बीजेपी का बड़ा चेहरा हैं और यूपी महिला आयोग की उपाध्यक्ष के पद पर भी तैनात हैं।

