छतरपुर। मध्य प्रदेश की कड़कड़ाती ठंड में सड़कों पर रात गुजारने वाले जरूरतमंदों की मदद के इरादे से छतरपुर कलेक्टर पार्थ जैसवाल खुद मैदान में उतर गए, लेकिन यह मदद उनके लिए भारी पड़ गई। देर रात कंबल वितरण के दौरान अचानक हालात बेकाबू हो गए और फ्री कंबल पाने के लिए लोगों में छीना-झपटी शुरू हो गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
शनिवार रात कलेक्टर पार्थ जैसवाल गरीब और असहाय लोगों के बीच पहुंचे थे और ठंड से बचाव के लिए कंबल बांट रहे थे। इसी दौरान जैसे ही एक बच्चे को कंबल मिला, वहां मौजूद लोगों का हुजूम टूट पड़ा और कंबल लेने के लिए धक्का-मुक्की शुरू हो गई।
अफरा-तफरी के बीच कलेक्टर ने लोगों को शांत कराने की कोशिश की और सभी को कंबल देने का भरोसा दिलाया, लेकिन हालात लगातार बिगड़ते चले गए। स्थिति नियंत्रण से बाहर होती देख कलेक्टर खुद को असहाय महसूस करने लगे और आखिरकार अपनी सुरक्षा को देखते हुए कार में बैठकर वहां से निकलना पड़ा। कंबल वितरण के दौरान मची इस भगदड़ का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

