उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले के नगीना क्षेत्र में दिनदहाड़े हुई एक सनसनीखेज वारदात ने इलाके में दहशत फैला दी। धामपुर रोड स्थित शिवालय हेल्थ केयर सेंटर में अज्ञात बाइक सवार बदमाश ने क्लीनिक के अंदर घुसकर बाल रोग विशेषज्ञ डॉक्टर राजकुमार की गोली मारकर हत्या कर दी।
बताया जा रहा है कि आरोपी अपने बेटे की जांच रिपोर्ट लेकर क्लीनिक में पहुंचा था। डॉक्टर अपने केबिन में बैठकर उसकी रिपोर्ट्स देख रहे थे। तभी अचानक हमलावर ने तमंचा निकाल लिया और डॉक्टर पर फायरिंग कर दी। गोली डॉक्टर के पेट में लगी और गर्दन को चीरते हुए आर-पार निकल गई। गोली लगते ही डॉक्टर गंभीर रूप से घायल होकर कुर्सी पर ही गिर पड़े और क्लीनिक में अफरा-तफरी मच गई।
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी तमंचा लहराते हुए मौके से फरार हो गया। गंभीर हालत में डॉक्टर को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने क्लीनिक और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। बिजनौर पुलिस अधीक्षक देहात प्रकाश कुमार के मुताबिक शुरुआती जांच में सामने आया है कि हमलावर सुबह से ही डॉक्टर की क्लीनिक की रेकी कर रहा था। वह सुबह दो बार क्लीनिक के आसपास आ चुका था और तीसरी बार अंदर पहुंचकर उसने इस सनसनीखेज हत्या को अंजाम दे दिया। फिलहाल पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है और पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है।

