भोपाल। मध्य प्रदेश के सीधी जिले में इंसानियत को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है, जहां बहरी गांव में भाजपा नेता संतोष पाठक ने बीच सड़क एक महिला को जमीन पर गिराकर बेरहमी से पीटा, बाल पकड़कर घसीटा और लातों से हमला किया, इस पूरी घटना का वीडियो किसी ने बना लिया जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
वीडियो सामने आने के बाद राजनीतिक गलियारों में हड़कंप मच गया है और कांग्रेस ने इस घटना को लेकर भाजपा पर तीखे सवाल खड़े कर दिए हैं, इसे महिला सम्मान से जोड़ते हुए पूरे मामले पर सरकार की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाए जा रहे हैं।
कांग्रेस विधायक डॉ. विक्रांत भूरिया ने वायरल वीडियो को अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर साझा करते हुए लिखा कि सिहावल विधानसभा क्षेत्र के ग्राम बहरी में भाजपा नेता द्वारा सरेआम महिला की पिटाई की घटना सामने आई है, एक तरफ भाजपा महिलाओं को वोट के लिए लाडली बहना कहती है और दूसरी तरफ महिला सम्मान की सच्चाई ऐसे मामलों में दिख जाती है।
विधायक ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से सवाल करते हुए कहा कि क्या यही आपके राज में कानून की व्यवस्था है या फिर भाजपा नेताओं के लिए सब माफ है, इस बयान के बाद मामले को लेकर राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप तेज हो गए हैं।

