सीहोर। मध्य प्रदेश के सीहोर में नगर पालिका ने संपत्तिकर और अन्य बकाया करों की वसूली के लिए अनूठा और सख्त कदम उठाया है। लंबे समय से टैक्स नहीं भरने वाले बकायादारों को चेताने के लिए सोमवार को अधिकारी और कर्मचारी ढोल-नगाड़ों के साथ सड़कों पर उतरे। शहर के अलग-अलग वार्डों में टीम ने चिन्हित बकायादारों के घरों और प्रतिष्ठानों के बाहर पहुंचकर ढोल बजाया और सार्वजनिक रूप से बकाया राशि जमा करने की याद दिलाई।
नगर पालिका अधिकारियों का कहना है कि जिन लोगों को एक महीने पहले नोटिस जारी किया गया था और उसके बावजूद उन्होंने टैक्स जमा नहीं किया, उनके खिलाफ यह कार्रवाई की जा रही है। ढोल बजाने का मकसद बकायादारों को उनके दायित्व का अहसास कराना और सार्वजनिक रूप से चेतावनी देना है, ताकि वे जल्द से जल्द भुगतान करें। अभियान के दौरान टीम ने मोहल्लों में मुनादी कर लोगों से अपील की कि वे अपना बकाया तुरंत जमा करें।
प्रशासन ने साफ किया है कि यह कार्रवाई केवल उन लोगों के खिलाफ है जो जानबूझकर टैक्स नहीं भर रहे हैं या लगातार टालमटोल कर रहे हैं। नए बकायादारों को भी एक महीने का अंतिम नोटिस दिया जा रहा है, ताकि वे तय समय सीमा में भुगतान कर सकें। नगर पालिका ने यह भी चेतावनी दी है कि अगर नोटिस के बाद भी राशि जमा नहीं की गई तो संपत्ति कुर्की या जब्ती जैसी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस “ढोल बजाओ” मुहिम से शहर में हड़कंप मच गया है। कई लोग मौके पर ही नगर पालिका कर्मचारियों से संपर्क कर बकाया राशि की जानकारी लेते नजर आए। नगर पालिका का कहना है कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और वित्तीय वर्ष के अंत तक शत-प्रतिशत वसूली का लक्ष्य हासिल किया जाएगा। अधिकारियों ने नागरिकों से अपील की है कि शहर के विकास के लिए टैक्स का समय पर भुगतान करना जरूरी है।

