किराया मांगने पर ई-ऑटो चालक पर जानलेवा हमला, सीने में धंसा बर्फ तोड़ने वाला औजार, हालत गंभीर

भोपाल। राजधानी भोपाल के पिपलानी थाना क्षेत्र में किराए को लेकर हुआ छोटा सा विवाद खूनी हमले में बदल गया। दो युवकों ने एक इलेक्ट्रिक ऑटो चालक पर जानलेवा हमला कर दिया। हमले में इस्तेमाल किया गया बर्फ तोड़ने वाला नुकीला औजार चालक के सीने में गहराई तक धंस गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

जानकारी के मुताबिक यात्रा पूरी होने के बाद चालक ने दोनों युवकों से किराया मांगा, जिस पर वे भड़क उठे। पहले गाली-गलौज हुई और देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया। इसी दौरान एक युवक ने आइस ब्रेकर जैसे नुकीले हथियार से चालक के सीने पर जोरदार वार कर दिया। वार इतना खतरनाक था कि औजार सीने में ही फंस गया।

घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने घायल चालक को तुरंत अस्पताल पहुंचाया। उसे गंभीर हालत में एम्स भोपाल में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों की टीम उसकी लगातार निगरानी कर रही है।

पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। पिपलानी थाना पुलिस का कहना है कि जल्द ही दोनों युवकों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। वहीं ई-ऑटो चालकों के संगठनों ने इस घटना पर नाराजगी जताते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *