जबलपुर में ED की बड़ी कार्रवाई, राजुल बिल्डर एंड प्रमोटर्स के तीन ठिकानों पर छापा

जबलपुर। मध्य प्रदेश के जबलपुर में प्रवर्तन निदेशालय यानी ED ने बड़ी कार्रवाई करते हुए राजुल बिल्डर एंड प्रमोटर्स के तीन ठिकानों पर एक साथ छापा मारा है, जहां टीम लगातार जांच पड़ताल में जुटी हुई है और कई अहम खुलासे सामने आ रहे हैं।

जांच के दौरान पता चला है कि पार्टनरशिप में कमाई गई रकम को विदेश भेजा गया, करीब 5 लाख 30 हजार डॉलर अमेरिका ट्रांसफर किए गए, वहीं पुर्तगाल में 3 करोड़ 30 लाख रुपए से ज्यादा की कीमत का फ्लैट भी खरीदा गया है, जो मामले को और गंभीर बना रहा है।

छापेमारी के दौरान तीनों ठिकानों से अहम दस्तावेजों के साथ 30 लाख रुपए से ज्यादा की नकदी भी बरामद की गई है, बताया जा रहा है कि इस मामले में पहले भी 2023 में इनकम टैक्स विभाग द्वारा कार्रवाई की जा चुकी है, जिसमें पार्टनर प्रियांक मेहता के यहां छापा पड़ा था।

इनकम टैक्स से मिले इनपुट्स के आधार पर ही ED ने इस पूरे मामले में शिकंजा कसा है, जांच में यह भी सामने आया है कि प्रियांक मेहता का पुर्तगाल के लिस्बन बैंक में खाता है, जिसमें करीब 2 करोड़ रुपए से ज्यादा की रकम जमा पाई गई है।

बिना इनकम टैक्स को जानकारी दिए विदेशों में पैसों का लेनदेन किया गया, अब ED को मिले दस्तावेजों के आधार पर पूरे नेटवर्क और लेनदेन की परतें खोली जा रही हैं, जिससे आने वाले समय में और बड़े खुलासे हो सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *