उन्नाव। अवैध ऑनलाइन सट्टेबाजी और जुए से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में प्रवर्तन निदेशालय ने बड़ी कार्रवाई की है। ED की कोलकाता जोनल ऑफिस ने 31 दिसंबर 2025 और 1 जनवरी 2026 को दिल्ली, मुंबई, सूरत, लखनऊ और वाराणसी में कुल 9 ठिकानों पर छापेमारी की। ये सभी ठिकाने सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर और यूट्यूबर अनुराग द्विवेदी से जुड़े बताए जा रहे हैं।
करोड़पति यूट्यूबर अनुराग द्विवेदी के खिलाफ हुई इस कार्रवाई में ED ने उसकी लग्जरी गाड़ियां लैंड रोवर डिफेंडर और BMW Z4 को मनी लॉन्ड्रिंग रोकथाम कानून यानी PMLA 2002 के तहत जब्त कर लिया है। छापेमारी के दौरान कई अहम दस्तावेज और डिजिटल डिवाइस भी बरामद किए गए हैं।
ED के मुताबिक जांच में सामने आया है कि अनुराग द्विवेदी ने अवैध सट्टेबाजी प्लेटफॉर्म को प्रमोट किया और हवाला व फर्जी अकाउंट्स के जरिए भारी मात्रा में अवैध लेनदेन किया। इन्हीं पैसों से उसने अकूत संपत्ति बनाई और दुबई में भी प्रॉपर्टी खरीदी। प्रवर्तन निदेशालय ने मामले में आगे की जांच तेज कर दी है।

